जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात निजी नाव डूबने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। हादसे में नाव पर सवार 13 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में नौ बच्चियां और चार बच्चे शामिल हैं।
घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही तय करने की कार्रवाई भी शुरू हो गई है। जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने राघोपुर के अंचलाधिकारी (CO) और थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही अगले आदेश तक दोनों अधिकारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है।