प्रेट्र, नई दिल्ली। वर्षों से आर्टिफिशियल इंटलीजेंस (एआई) के बारे में बहस उत्साह और चिंता के बीच झूलती रही है, लेकिन शोधकर्ता अब इस तकनीक का उपयोग मानवता की सबसे कठिन चुनौती कैंसर के रहस्यों पर काम करने के लिए कर रहे हैं।
इस प्रयास के केंद्र में हैं दिल्ली के इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) के नवाचार, अनुसंधान और विकास के सहयोगी डीन देबर्का सेनगुप्ता, जो एआई और जीनोमिक्स का उपयोग कर कैंसर का जल्दी पता लगाने, ट्यूमर के व्यवहार को समझने और डाक्टरों को व्यक्तिगत रोगियों के लिए अनुकूलित उपचार चुनने में मदद कर रहे हैं। कैंसर को एकल रोग या एक जीन में म्यूटेशन के रूप में देखने के बजाय सेनगुप्ता की प्रयोगशाला इसे एक जटिल जैविक प्रणाली के रूप में अध्ययन करती है, जिसमें आणविक जीवविज्ञान, जीनोमिक्स, एकल कोशिका विश्लेषण, माइक्रोफ्लुइडिक्स और एआई का संयोजन होता है।