लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सोचिए, आप घर बैठे अपनी जरूरत का सामान ऑनलाइन ऑर्डर करते हैं। कुछ ही मिनटों में पैकेट आपके दरवाजे पर आ जाता है और जब आप उसे खोलते हैं तो उसमें एक 'फ्री गिफ्ट' भी निकलता है। मुफ्त की चीज देखकर किसे खुशी नहीं होती? लेकिन क्या हो अगर वह मुफ्त की चीज एक बेहद जहरीला फल हो?
दरअसल, बेंगलुरु की एक महिला के साथ बिल्कुल ऐसा ही हुआ। उन्होंने स्विगी इंस्टामार्ट से कुछ सामान मंगाया, जिसके साथ उन्हें मुफ्त में 'धतूरा' भेज दिया गया। महिला ने तुरंत एक वीडियो बनाकर बताया कि इंटरनेट के मुताबिक यह इंसानों के लिए बेहद जहरीला होता है। बस फिर क्या था... यह वीडियो आग की तरह फैला और पूरे कर्नाटक प्रशासन में हड़कंप मच गया।