लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट की हालिया सख्त टिप्पणी ने पैकेज्ड फूड पर फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल लगाने की राष्ट्रीय बहस को तेज कर दिया है। बाजार अनुसंधान फर्म आइएमएआरसी के मुताबिक, भारत का पैकेज्ड फूड बाजार 137.25 अरब डॉलर ( लगभग 11.87 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच गया है।
आज हर उपभोक्ता के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि हम जो खा रहे हैं, क्या वाकई उसका सच जानते हैं? विशेषकर तब, जब देश के 4 करोड़ से अधिक मोटे और अत्यधिक वजन वाले बच्चों को चतुर विज्ञापनों के जरिए सीधे निशाना बनाया जा रहा है। पैकेट पर छपी चेतावनी हमें केवल आगाह कर सकती है, लेकिन विवेकपूर्ण चयन का रास्ता पूरी तरह हमारे अपने हाथ में है।