मीनाक्षी अग्रवाल, नई दिल्ली। बारिश की बूंदें मन को उल्लासित कर देती हैं। शुरुआत में तो बालकनी और खिड़की से बारिश का दृश्य प्रफुल्लित करता है पर मानसून रफ्तार पकड़ते ही बच्चों के आउटडोर गेम्स सीमित हो जाते हैं। दोस्तों के साथ साइकिल चलाना, पार्क में खेलना, बाहर घूमने के विकल्प कम हो जाते हैं।
स्वाभाविक रूप से बच्चे मोबाइल, टीवी, टैबलेट और लैपटाप की ओर आकर्षित होने लगते हैं और ये झुकाव हर उम्र के बच्चों में समान रूप से पाया जाता है। शुरुआत में स्क्रीन एक विकल्प होता है और जल्दी ही ये एकमात्र विकल्प में बदल जाता है। स्क्रीन के बढ़ते उपयोग से माता-पिता और बच्चों में नोंकझोंक होने लग जाती है जो सुरसा की तरह विकराल रूप धारण कर लेती है। ज्यादा बारिश में जलभराव की समस्या की वजह से स्कूल भी आनलाइन हो जाते हैं, यह प्रबंध भी स्क्रीन टाइम को और बढ़ा देता है।