सीमा झा, नई दिल्ली। मानवी और वरुण एक ही कंपनी में काम करते हैं। कलीग होने के साथ-साथ वे अच्छे दोस्त भी हैं। वे शादी करके अपने इस रिश्ते को और मजबूती देना चाहते हैं, लेकिन बीते कुछ दिनों से उनकी यह इच्छा उनके मन में अजीब-सी बेचैनी पैदा कर रही है। क्या शादी के बाद वे एक अच्छे पति-पत्नी बन पाएंगे? इस एक सवाल के अलावा वे एक-दूसरे की हर वह बात जान लेना चाहते हैं, जो शादी के बाद कोई समस्या खड़ी कर सकती है।
वरुण जब भी अपनी मां की बात करते हैं, मानवी का मन वहीं ठिठक जाता है। क्या वरुण शादी के बाद भी अपनी मां की हर बात मानेगा या उसे भी उतना ही महत्व देगा? कहीं यही बात उन दोनों के बीच अनबन का कारण तो नहीं बनेगी? वहीं, वरुण को लगता है कि शादी के बाद जब घर-परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ेंगी, तो कहीं उसकी स्वतंत्रता छिन तो नहीं जाएगी? क्या मानवी का साथ उसे यूं ही मिलता रहेगा?