'अब पारिवारिक फिल्मों का जमाना खत्म...'बोल्ड सीन्स और गालियों के दौर पर Hema Malini के बेबाक बोल
विनीत मि, मुंबई। सपनों का सौदागर (Sapno Ka Saudagar) की चुलबुली लड़की माही को याद कीजिए। शोले (Sholay) की तांगा दौड़ा रही का डायलोग बसंती जो बोल गई सो बोल गई। कौन जानता था कि यह बसंती बालीवुड फिल्मों की सुपरहिट हीरोइन के
लेखक Surabhi Shukla··52K पढ़े गए
'अब पारिवारिक फिल्मों का जमाना खत्म...'बोल्ड सीन्स और गालियों के दौर पर Hema Malini के बेबाक बोल
विनीत मि, मुंबई। सपनों का सौदागर (Sapno Ka Saudagar) की चुलबुली लड़की माही को याद कीजिए। शोले (Sholay) की तांगा दौड़ा रही का डायलोग बसंती जो बोल गई सो बोल गई। कौन जानता था कि यह बसंती बालीवुड फिल्मों की सुपरहिट हीरोइन के साथ फिल्मी करियर की इतनी लंबी पारी खेलेगी।
पिता को नहीं पसंद था सिनेमा
यदि कला के प्रति पूरा समर्पण हो तभी पर्दे पर इतने लंबे समय तक छाये रहना संभव है। कभी ड्रीम गर्ल (Dream Girl) रहीं हेमामालिनी (Hema Malini) अपने जीवन के 60 वर्ष बड़े पर्दे पर पूरे कर चुकी हैं परंतु अब भी उनकी खूबसूरती और फिटनेस देखते ही बनती है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्मों से नहीं शास्त्रीय नृत्य से की थी। हेमा मालिनी के पिता भी नहीं चाहते थे कि वह फिल्मों में काम करें। परंतु मां के दिल में यही था कि बेटी बड़े पर्दे पर आए।
हेमा को भी नहीं था इस बात का अंदाजा
ऐसे में हेमा ने उन्हें मनाया और बाद में वो समझ भी गए। साल 1963 में तमिल फिल्म इधु सत्यम से अभिनय करियर का प्रारंभ करने वाली हेमा हिंदी फिल्मों की सुपर स्टार बनेंगी, यह तो हेमा ने फिल्मों में आने के बाद भी नहीं सोचा था। इसकी वजह थी पुरुष प्रधान फिल्में।
वह पर्दे पर आईं तो दमदार किरदार से फिल्मों के जरिए छा गईं। सफर की कथा- पहले शास्त्रीय नृत्यांगना, फिल्म अभिनेत्री और अब सांसद। हेमा मालिनी फिल्मी करियर की डायमंड जुबली मना रही हैं। फिल्मी अभिनय के सफर को पद्मश्री हेमा ने फोन पर साझा किया विनीत मिश्र से...
प्रश्न- आपका सपनों का सफर 'सपनों का सौदागर' से शुरू हुआ। जब आपको सिनेमा जगत में 'ड्रीम गर्ल' की उपाधि मिली, तब क्या आपने कभी सोचा था कि यह नाम आपके पूरे जीवन और पहचान का पर्याय बन जाएगा?
-'सपनों का सौदागर' फिल्म में मैंने एक बंजारन लड़की की भूमिका निभाई। बेहद मासूम, चुलबुली और साफ दिल की गांव की लड़की। फिर ड्रीम गर्ल फिल्म आई। इसमें भूमिका बिल्कुल अलग थी, लेकिन ड्रीम गर्ल से जो ख्याति मिली। वह अब तक मेरे साथ है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ड्रीम गर्ल मेरे नाम के साथ जुड़ जाएगा और पूरी जिंदगी मेरी पहचान इस नाम से भी होगी। यह अद्भुत अनुभव है।
प्रश्न- क्या बसंती का तांगा चलाते वक्त कभी लगा था कि यह किरदार सालों साल बाद भी मीम्स, रील्स और हर जनरेशन के दिलों में जिंदा रहेगा?
- मैंने अपनी जिंदगी में करीब 200 फिल्मों में काम किया। फिल्मों में अलग-अलग किरदार किए। इसमें सपनों का सौदागर मुझे बहुत पसंद है। इसमें आत्मनिर्भर बंजारन लड़की हमेशा अकेले रहती है। इसी तरह सीता और गीता में मेरा किरदार था। बसंती की भूमिका भी इसी तरह की यादगार है। यह तीनों भूमिकाएं नारी सशक्तीकरण से जुड़ी हैं। हां, तांगा चलाने वाली बसंती शहर से लेकर गांव तक सबके दिलों में रहेगी, यह कभी नहीं सोचा।
प्रश्न- आप एक बेमिसाल अभिनेत्री के साथ-साथ शास्त्रीय नृत्यांगना भी हैं, इन दोनों कलाओं ने एक-दूसरे को निखारने में क्या भूमिका निभाई?
-मैंने शास्त्रीय नृत्य से ही अपने करियर की शुरुआत की, क्योंकि नृत्य मुझे पसंद था। मेरा उद्देश्य नृत्य के क्षेत्र में ही आगे बढ़ने का था, लेकिन बीच में अचानक परिस्थिति ऐसी हुईं कि सिनेमा आ गया। सिनेमा में अच्छा काम किया। नृत्य और सिनेमा दोनों ने एक-दूसरे के पूरक के रूप में कार्य किया। मैंने आज तक नृत्य नहीं छोड़ा। आज भी मैं नृत्य करती हूं। यह मेरी साधना है। मेरी फिटनेस का भी राज माना जाता है।
प्रश्न- फिल्मी पर्दे के लटके-झटकों के बीच अपने अंदर की क्लासिकल डांसर और उसकी मर्यादा को हमेशा शुद्ध बनाए रखने का जतन आपने कैसे किया?
-फिल्मों में मुझे अलग-अलग भूमिका के अनुसार अलग-अलग नृत्य करना पड़ा। शराफत फिल्म में मैंने मुजरा भी किया। लेकिन,मंच मेरे लिए एक मंदिर है। मैंने मंच पर आज तक केवल शास्त्रीय नृत्य किया। मुझे लोग आज भी कहते हैं कि आप फिल्मी नृत्य को मंच पर कीजिए। लेकिन मैं साफ मना कर देती हूं। मैं आज भी केवल शास्त्रीय नृत्य ही करती हूं। शास्त्रीय नृत्य बहुत सारे लोगों को समझ नहीं आता। ऐसे में मैंने डांस बैले शुरू कर दिया। कभी राधा-कृष्ण के ऊपर कभी दुर्गा के ऊपर, कभी महालक्ष्मी के ऊपर। अपनी संस्कृति और सभ्यता को मंच पर विदेश में भी लेकर आई। पूरी मर्यादा का ध्यान रखा।
प्रश्न- धर्मेंद्र जी और अमिताभ बच्चन जैसे महानायकों के साथ काम करने का आपका अनुभव कैसा रहा, उनके साथ पर्दे पर आपकी बेहतरीन केमिस्ट्री का राज क्या था?
-अमिताभ बच्चन जी महान कलाकार हैं। धर्मेंद्र जी भी अपने आप में अद्भुत कलाकार थे। दोनों के साथ फिल्म में काम करने से मेरा अभिनय भी निखरा। जब आप अच्छे लोगों के साथ काम करते हैं तो आपके अंदर भी सुधार होता है, यही मेरे साथ हुआ।
प्रश्न- उस दौर में जब फिल्मों को पुरुष-प्रधान माना जाता था, आपने अपने दम पर फिल्मों को हिट कराया, उस समय एक महिला सुपरस्टार होने के क्या मायने थे?
-वह दौर सही में सिनेमा में पुरुष प्रधान था। लेकिन मैंने सपनों का सौदागर, सीता-गीता और बसंती की जो भूमिका निभाई, उसने नई पहचान दी। उस वक्त फिल्म निर्देशक भी यह देखते थे कि हेमा मालिनी की फिल्म में क्या भूमिका होगी। बड़े-बड़े पुरुष अभिनेताओं के बीच महिला सुपर स्टार होना ही अपने आप में बड़ी बात थी।
प्रश्न -आज की अभिनेत्रियों के पास पूरी मशीनरी होती है, लेकिन जब आप काम किया करती थी तो उस तरह की टीम नहीं हुआ करती थी, अभिनेत्रियों के लिए ये बदलाव कैसा है?
-अब एक कंपनी होती है,जो कई सारे अभिनेता-अभिनेत्रियों के लिए काम करती है। सब कुछ कंपनी ही तय करती है। लेकिन हमारे समय में ऐसा नहीं होता था। मेरे घर में बड़े-बड़े निर्माता आते थे, मेरी मां उन्हीं शूटिंग के लिए डेट देती थीं। अब अभिनेत्रियों के लिए बदला हुआ माहौल काफी चुनौती भरा है।
प्रश्न- फीस को लेकर असमानता पहले भी थी और आज भी है। आप अपने नाम पर बाक्स आफिस पर भीड़ जुटा लेती थीं, तो क्या उस दौर के हीरो के बराबर फीस आप भी लिया करती थीं?
-आज अभिनेत्रियों को फिल्म करने के करोड़ों रुपये मिलते हैं। तब हम लोगों को पैसा बहुत कम मिलता था। केवल 10 से 15 लाख रुपये ही फिल्म करने के मिलते थे। तब पुरुष अभिनेताओं को भी लगभग इतना ही पैसा मिलता था। यह इसलिए भी था कि मेरा अभिनय लोगों को पसंद आता था।
प्रश्न- 'दिल आशना है' जैसी फिल्मों के जरिए जब आप निर्देशन की कमान संभाल रही थीं, तो कैमरे के पीछे काम करने का अनुभव कैमरे के सामने रहने से कितना अलग था?
-अभिनेत्री के रूप में मुझे सफलता मिली तो फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में भी बहुत कुछ सीखने को मिला। यह मेरी हिम्मत थी कि मैं फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में भी आगे बढ़कर आई। पहले कैमरे के सामने और फिर कैमरे के पीछे। निश्चित रूप से यह मेरे लिए नया अनुभव था। एक आत्मविश्वास जागृत हुआ।
प्रश्न- पिछले 40 वर्षों में सिनेमा की तकनीक और कहानियों में बहुत बदलाव आया है, आज के दौर की फिल्मों और अभिनेत्रियों में आप खुद को कितना ढूंढ पाती हैं? आज के सिनेमा में बोल्ड सीन्स और गालियों का जो दौर चल रहा है, क्या आपको लगता है कि पारिवारिक फिल्में बनाने का जमाना अब खत्म हो रहा है?
-अब पारिवारिक फिल्मों का जमाना खत्म हो गया है। अब इतनी मारपीट फिल्मों में दिखाई जाती है कि मैं अब फिल्में बहुत कम देखती हूं। कई बार तो फिल्मों में मारपीट देखकर खुद को घबराहट होने लगती है। जितनी गालियों का उपयोग किया जाता है, उससे परिवार के साथ फिल्में देखना मुश्किल है। हालांकि एक बड़ा वर्ग इसे पसंद भी करता है। यही कारण है कि पिछले 40 वर्षों में तकनीक तो बदली ही समय के साथ कहानियां भी बदल गई हैं। अब जिस तरह की फिल्में बन रही हैं, उनमें पारिवारिक फिल्मों की जगह नहीं बची।
प्रश्न- सिनेमा की चकाचौंध से निकलकर राजनीति के मैदान में उतरने का फैसला आपके लिए कितना आसान या मुश्किल था? ग्लैमर की दुनिया से निकलकर जब आप मथुरा की गलियों में धूल-धूप के बीच वोट मांगने उतरीं, तो अंदर की 'ड्रीम गर्ल' ने क्या कहा?
-मैं फिल्में करती थी। सबका एक समय होता है, उसी के अनुसार काम करना होता था। काफी फिल्में करने के बाद मैं राजनीति में आई। मेरी लोकप्रियता देखकर भाजपा के लोग मेरे पास आए और प्रचार के लिए बुलाने लगे। यह इत्तेफाक था कि जिन प्रत्याशियों लिए प्रचार करती थी वह जीत जाते थे। मैंने सिनेमा में भी अच्छा काम किया। राजनीति में भी अच्छा कर रही हूं। मथुरा के लोग भी खुश हैं। या यह कह लीजिए कि मेरे अंदर की ड्रीम गर्ल भी कह रही है कि अच्छा काम कर रही हो।
प्रश्न-अपने इस लंबे और बेहद सफल करियर में आपको सबसे ज्यादा संतोष किस बात से मिला, और क्या कोई ऐसी इच्छा है जो अधूरी रह गई?
-मेरे साथ समय के साथ सब कुछ अच्छा चल रहा है। सबका अपना-अपना समय रहा। सब कुछ मिला अब एक कलाकार के लिए इससे अच्छा क्या हो सकता है।
प्रश्न- जो युवा कलाकार आज फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख रहे हैं, उन्हें इस चकाचौंध भरी दुनिया में लंबे समय तक टिके रहने के लिए आप क्या मूलमंत्र देना चाहेंगी?
-मैं नए और युवा कलाकारों से बस यही कहना चाहूंगी कि अपने काम के प्रति वफादार रहिए। जब आप यह कर लेंगे तो फिर कोई भी आपको डिगा नहीं पाएगा। जो भी भूमिका मिले उसे खुद जिएं। अपने आप में विश्वास रखें। लक्ष्य तय करें, यह कतई न सोचें कि यह कैसे होगा, वह कैसे होगा।
प्रश्न- उम्र सिर्फ एक नंबर है, यह बात आप पर बिल्कुल फिट बैठती है; इस एवरग्रीन ब्यूटी और पाजिटिविटी का वो सीक्रेट क्या है जो कोई नहीं जानता?
-मैंने जो भी काम लिया, उसे अच्छी तरह से करना मेरा मकसद है। व्यक्ति की सोच हमेशा सकारात्मक होनी चाहिए। यही मैं करती हूं। सकारात्मक सोच व्यक्तित्व में दिखाई देती है। मैं इस उम्र में भी शास्त्रीय नृत्य करती हूं। यह सकारात्मक सोच का ही परिणाम है।