सिनेमा के महाकुंभ 57वें IFFI की शुरुआत, वेव्स फिल्म बाजार और नेटफ्लिक्स की साझेदारी बनी खास आकर्षण
स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई। सिनेमा महज मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अलग-अलग भाषाओं, देशों, संस्कृतियों और समाजों के लोगों को जोड़ने वाली एक सशक्त अभिव्यक्ति है। कहानियां भौगोलिक सीमाओं, सांस्कृतिक भिन्नताओं और समय के बंधन
लेखक Surabhi Shukla··40K पढ़े गए
सिनेमा के महाकुंभ 57वें IFFI की शुरुआत, वेव्स फिल्म बाजार और नेटफ्लिक्स की साझेदारी बनी खास आकर्षण
स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई। सिनेमा महज मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अलग-अलग भाषाओं, देशों, संस्कृतियों और समाजों के लोगों को जोड़ने वाली एक सशक्त अभिव्यक्ति है। कहानियां भौगोलिक सीमाओं, सांस्कृतिक भिन्नताओं और समय के बंधनों को पार कर मानवीय संवेदनाओं, साझा अनुभवों और विचारों को एक-दूसरे तक पहुंचाती हैं।
गोवा में होने जा रहा आरंभ
यही सिनेमा की वह यूनिवर्सल शक्ति है, जो विविधताओं के बीच संवाद और जुड़ाव का माध्यम बनाती है। आज से गोवा में आरंभ हो रहे 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल आफ इंडिया (इफ्फी) की थीम स्टोरीज विदाउट बार्डर्स’(सीमाओं से परे कहानियां) इसी विचार को रेखांकित करती हैं।
इस थीम को लेकर फेस्टिवल के डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर का कहना है कि जब कोई व्यक्ति किसी दूसरे देश की ऐसी भाषा में बनी फिल्म देखता है, जिसे वह नहीं समझता, लेकिन फिर भी वह उसके किरदारों की भावनाओं को महसूस कर पाता है, तो एक छोटी-सी लेकिन बेहद महत्वपूर्ण घटना घटती है।
लोगों के बीच की दूरी कम हो जाती है। मेरे विचार से सिनेमा का सबसे बड़ा सामर्थ्य यही है और हमारी थीम ‘सीमाओं से परे कहानियां’ के पीछे भी यही सोच है। यह केवल एक नारा नहीं है।
हालांकि इफ्फी का महत्व केवल सिनेमा और मनोरंजन तक सीमित नहीं है। यह क्षेत्रीय सिनेमा को पहचान दिलाने, पुरानी और क्लासिक फिल्मों के संरक्षण तथा भारतीय सिनेमा की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी मदद करते हैं। यह देश के पर्यटन, अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाता है।
सात दशक पुराना है इफ्फी
इस महोत्सव की खासियत को समझने के लिए इसके सात दशक से अधिक पुराने सफर पर नजर डालना जरूरी है। इफ्फी की शुरुआत साल 1952 में हुई थी। इसका पहला आयोजन 24 जनवरी से 1 फरवरी 1952 तक तत्कालीन बांबे (मुंबई) में हुआ था। उस समय इसका आयोजन भारत सरकार के फिल्म्स डिवीजन ने किया था।
पहले संस्करण में 23 देशों की भागीदारी रही थी। उस दौर में भारत में अंतरराष्ट्रीय सिनेमा को एक मंच पर लाने की यह बड़ी पहल थी। शुरुआत में यह महोत्सव गैर-प्रतियोगी था, लेकिन 1965 में आयोजित तीसरे संस्करण से इसे प्रतियोगी स्वरूप दिया गया। इसी दौरान गोल्डन पीकाक पुरस्कार की शुरुआत हुई, जो महोत्सव के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में शामिल है। साल 1975 से इफ्फी का आयोजन नियमित रूप से हर साल अलग-अलग शहरों में हुआ।
साल 2004 में पहली बार इसका आयोजन गोवा में किया गया। इसके बाद गोवा को इसका स्थायी आयोजन स्थल बना दिया गया।
खास आकर्षण है ब्रिक्स देश की फिल्में
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सदस्य देश के बीच यूं तो के बीच आर्थिक, राजनीतिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने के लिए आयोजित किया जाता है। इस साल महोत्सव में ब्रिक्स देश की फिल्मों को विशेष जगह दी गई है। इसके तहत 21 फिल्मों का खास पैकेज तैयार किया गया है। आदित्य धर निर्देशित भारतीय फिल्म ‘आर्टिकल 370’ भी इसी चयन का हिस्सा है। इसके अलावा ब्रिक्स सिनेमा के विशेष कार्यक्रम में भारतीय फिल्म
‘रामायणम्’ ओपनिंग फिल्म होगी
इफ्फी में ‘क्रिएटिव माइंड्स आफ टुमारो’ का छठा संस्करण भी आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत देशभर से चुने गए 100 युवा प्रतिभागी शामिल होंगे। इन्हें फिल्म निर्माण से जुड़ी 13 विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाने और उसे निखारने का अवसर मिलेगा। इन विधाओं में फिल्म निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग और सबटाइटलिंग, पटकथा लेखन, प्लेबैक सिंगिंग, संगीत रचना, साउंड रिकार्डिंग, कास्ट्यूम डिजाइन, हेयर और मेकअप, आर्ट डायरेक्शन, एनिमेशन एवं विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स) और वायस ओवर व डबिंग आदि शामिल हैं।
वेव्स फिल्म बाजार और नेटफ्लिक्स की साझेदारी
वेव्स फिल्म बाजार भी इस साल अपने बीस साल भी पूरे कर रहा है। साल 2007 में एनएफडीसी की ओर से शुरू किया गया यह मंच पहले से ही फिल्म निर्माताओं, निवेशकों, वितरकों और अंतरराष्ट्रीय प्रोडक्शन कंपनियों को जोड़ने का काम कर रहा है। पिछले कुछ वर्षों में इसने शिप आफ थीसियस, मिस लवली , किस्सा द लंचबाक्स, , कोर्ट, तितली, मार्गरीटा विद अ स्ट्रॉ, गर्ल्स विल बी गर्ल्स, कैक्टस पीयर्स और लिटिल थामस सहित कई चर्चित अन्य फिल्मों के सफर में योगदान दिया है। इस बार वेव्स फिल्म बाजार और नेटफ्लिक्स के बीच साझेदारी भी खास आकर्षण होगी।
फ्राम फेस्टिवल्स वर्ल्डवाइड में दिखेगी पुरस्कार विजेता फिल्में
फेस्टिवल में इस बार फ्राम फेस्टिवल्स वर्ल्डवाइड नाम का एक विशेष खंड भी है। इसके तहत इस वर्ष के दुनिया के कुछ सबसे चर्चित और सम्मानित फिल्म महोत्सवों की पुरस्कार विजेता फिल्में शामिल की गई हैं। इनमें वेनिस फिल्म महोत्सव की सम्मानित फिल्में, बर्लिन फिल्म महोत्सव के सिल्वर बियर और ग्रैंड ज्यूरी पुरस्कार विजेता फिल्में तथा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल राटरडैम के टाइगर पुरस्कार से सम्मानित फिल्में शामिल हैं। इनमें से कई फिल्में भारत में पहली बार प्रदर्शित होंगी।
इस वर्ष महोत्सव में नौ वर्ल्ड प्रीमियर, दो इंटरनेशनल प्रीमियर, 24 एशियन प्रीमियर और 116 इंडियन प्रीमियर होंगे। भारतीय पैनोरमा में 25 फीचर फिल्में और 20 गैर-फीचर फिल्में शामिल हैं। इस खंड की शुरुआत लद्दाखी भाषा की लीना यादव द्वारा निर्देशित शार्ट फिल्म बीकमिंग और हिंदी फिल्म धुरंधर से होगी। भारतीय सिनेमा की ओर से सात महान कलाकारों की जन्मशती मनेगी, इनमें मृणाल सेन, मराठी सिनेमा से सुरेंद्र मांडरेकर, राजकुमार शाह, बांग्ला सिनेमा के उत्तम कुमार और निर्देशक शक्ति सामंत शामिल हैं। इसके अलावा, संगीतकार ओ. पी. नैयर और रवि शंकर शर्मा को भी उनकी जन्मशती के अवसर पर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
वर्ष 1976 में रिलीज हुई फिल्मों
भक्त कन्नप्पा और कभी-कभी के 50 वर्ष पूरे होने का भी जश्न मनेगा। इस साल 25 साल पूरे करने वाली आमिर खान अभिनीत फिल्म लगान भी फेस्टिवल का हिस्सा होगी।
आशुतोष ने अपील की है कि नौ दिनों तक चलने वाले फेस्टिवल दौरान कम से कम एक ऐसी फिल्म जरूर देखें, जिसे आप सामान्य परिस्थितियों में शायद कभी नहीं चुनते। ऐसी भाषा में बनी फिल्म देखें, जिसे आप समझते नहीं हैं। ऐसे देश की फिल्म देखें, जहां आप कभी नहीं गए हैं और ऐसे फिल्मकार की फिल्म देखें, जिसका नाम आपने पहले कभी नहीं सुना है। सबटाइटल्स को अपना काम करने दीजिए। मुझे विश्वास है कि आप पाएंगे कि जिन सीमाओं को आप बहुत बड़ा समझते थे, वे वास्तव में उतनी बड़ी थीं ही नहीं।
दरअसल, यही इस महोत्सव की असली सार्थकता यही है कि सिनेमा के जरिए लोगों की सोच का दायरा बढ़े, वे नई संस्कृतियों और विचारों से परिचित हों और फिल्मकारों को भी लीक से हटकर कहानियां कहने की प्रेरणा मिले। उम्मीद है कि इस मंच से भारतीय सिनेमा को नई प्रतिभाओं, नए विचारों और वैश्विक साझेदारियों के साथ आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।