प्रियंका सिंह, मुंबई। कुछ बातें समय रहते कर लेनी चाहिए। कई बार वह बातें फिर कभी नहीं हो पाती हैं। ऐसा ही एक मलाल रह गया है अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह (Archana Puran Singh) को, जिन्हें गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) के अवसर पर अपने जीवन के उस शिक्षक की याद आई, जिन्हें वह धन्यवाद कहना चाहती थीं।
उस शिक्षक ने न केवल अर्चना को अंग्रेजी भाषा में निपुण बनाया, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाकर उन्हें सीखने की प्रेरणा भी दी। गुरु पूर्णिमा के मौके पर अर्चना ने बताया कि उनके अंग्रेजी शिक्षक एच. पी. शर्मा का एक वाक्य आज भी उनके मन में गूंजता है। उसी ने उन्हें अंग्रेजी में बेहतर बनने के लिए प्रेरित किया।